सूरजपुर, 29 अक्टूबर 2026। ईको क्लब फॉर मिशन लाइफ के अंतर्गत जिले के विद्यालयों में बुधवार को ई-कचरा प्रबंधन दिवस मनाया गया। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देशन, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा के मार्गदर्शन और डीएमसी मनोज साहू के नेतृत्व में विद्यार्थियों को ई-कचरे के दुष्प्रभावों और सुरक्षित निपटान के महत्व की जानकारी दी गई।
शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पतरापाली एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को बताया गया कि पुराने मोबाइल, बैटरी, चार्जर, कंप्यूटर और अन्य अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का निपटान लापरवाही से करने पर पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है।
इस दौरान विद्यार्थियों को 3R सिद्धांत – रिड्यूस, रीयूज, रिसाइकल के बारे में विस्तार से समझाया गया। बताया गया कि ई-कचरे को खुले में फेंकने या जलाने से मिट्टी, पानी और वायु प्रदूषित होते हैं। इसलिए इसे अलग एकत्रित कर अधिकृत रिसाइकलर को देना चाहिए।
कार्यक्रम में नारा लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई करने, जिज्ञासु बनने और शिक्षकों से बिना हिचक प्रश्न पूछने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही वस्तुओं की उपयोगिता, संसाधनों के सदुपयोग और परिवार एवं समुदाय में जागरूकता फैलाने का संदेश भी दिया गया।

What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

