कार्यक्रम स्थल पर लगी 19 विभागों की प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र, योजनाओं और नवाचारों की दिखी झलक।

Chattisgarh News Surajpur

सूरजपुर, 28 अक्टूबर 2026। नगर पंचायत प्रेमनगर में आयोजित कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभागीय योजनाओं, नवाचारों एवं विकास कार्यों की जानकारी ली।

कार्यक्रम परिसर में 19 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, जिनके माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया।

प्रदर्शनी में दिव्यांगजनों के लिए कृत्रिम अंग एवं कैलिपर्स सहित विभिन्न सहायक उपकरणों का प्रदर्शन किया गया तथा पात्र दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के स्टॉल में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों को आवास की चाबियां सौंपी गईं। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन, विकसित भारत गारंटी योजना एवं जलग्रहण विकास कार्यों की जानकारी दी गई।

शिक्षा विभाग द्वारा जिला प्रशासन की पहल पर संचालित नवाचार ‘शब्दबीज’ का विशेष प्रदर्शन किया गया। इस नवाचार के माध्यम से जिले की 1163 प्राथमिक शालाओं के लगभग 49 हजार विद्यार्थियों को खेल-खेल में प्रतिदिन एक नया शब्द सिखाने तथा द्विभाषी शिक्षा को प्रोत्साहित करने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही एसिड रेन से बचाव, स्मार्ट रोड क्लीनिंग सिस्टम, इको-फ्रेंडली स्कूल तथा पीएमश्री योजना के मॉडल प्रदर्शित किए गए।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा स्थानीय संसाधनों से निर्मित शिक्षण सामग्री, रेडी-टू-ईट पोषण आहार, स्थानीय भाजियों के पोषण महत्व तथा व्यंजन कॉर्नर के माध्यम से पौष्टिक व्यंजनों की जानकारी दी गई।

विद्युत विभाग ने सौर ऊर्जा मॉडल एवं प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी दी। वहीं आपातकालीन सेवाओं के लिए क्यूआर कोड आधारित सहायता प्रणाली का प्रदर्शन किया गया, जिसके माध्यम से 24 घंटे उपलब्ध हेल्पलाइन नंबर 92038-11002, एम्बुलेंस एवं पुलिस सहायता की जानकारी दी गई।

इसके अलावा जिले में रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फिरोजाबाद की तर्ज पर कांच की चूड़ी उद्योग से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *