भटगांव (सूरजपुर), 31 अक्टूबर 2026। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के भटगांव क्षेत्र में ‘स्पेशल कैंपेन 6.0’ के समापन अवसर पर एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय महाप्रबंधक श्री मनीष कुमार श्रीवास्तव ने की।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों का सम्मान
समारोह में भटगांव क्षेत्र से सेवानिवृत्त हुए 9 कर्मचारियों को शाल-श्रीफल और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। उनकी दीर्घकालिक सेवाओं को याद करते हुए उज्जवल और स्वस्थ भविष्य की कामना की गई।
सफाई मित्रों का अभिनंदन
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवा देने वाले सफाई मित्रों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। महाप्रबंधक एवं अतिथियों द्वारा उन्हें उपहार और श्रीफल देकर उनके अथक प्रयासों की सराहना की गई।
प्लास्टिक मुक्त समाज के लिए जूट बैग वितरण
पर्यावरण संरक्षण और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को हतोत्साहित करने के उद्देश्य से उपस्थित सभी लोगों को जूट बैग का वितरण किया गया। इस दौरान प्लास्टिक का त्याग कर पर्यावरण अनुकूल थैलों के उपयोग का संदेश दिया गया।
स्कूली बच्चों को पुरस्कार
स्पेशल कैंपेन 6.0 के तहत आयोजित निबंध, चित्रकला आदि प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह और उपहार देकर पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय महाप्रबंधक श्री मनीष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल कर्मचारियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जन-कल्याण की भावना को भी मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, छात्र एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

