भटगांव (सूरजपुर), 31 अक्टूबर 2026। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के भटगांव क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर भारत के लौह पुरुष व देश के प्रथम गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती उत्साह और गरिमा के साथ मनाई गई। क्षेत्रीय महाप्रबंधक श्री मनीष कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, जरही से शक्ति नगर, जरही तक आयोजित ‘फिटनेस रन फॉर यूनिटी’ (एक भारत, श्रेष्ठ भारत) की भव्य दौड़ के साथ हुई। इस दौड़ में डी.ए.वी. स्कूल के विद्यार्थियों, शिक्षकों, एसईसीएल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारी संख्या में हिस्सा लिया। हाथों में राष्ट्रीय एकता का संदेश देने वाला बैनर थामे प्रतिभागियों ने “Run Together, Stand United” की भावना के साथ दौड़ लगाई।
इसके उपरांत क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में क्षेत्रीय महाप्रबंधक श्री मनीष कुमार श्रीवास्तव एवं अन्य अधिकारियों द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा को अक्षुण्ण बनाए रखने की सामूहिक शपथ ली। अपने उद्बोधन में क्षेत्रीय महाप्रबंधक श्री मनीष कुमार श्रीवास्तव ने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में अमूल्य योगदान, उनके दृढ़ संकल्प और देश के एकीकरण के इतिहास पर प्रकाश डाला और सभी को उनके आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया।

What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

