सूरजपुर। पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बतरा (विकासखंड भैयाथान, जिला सूरजपुर) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्रवेश प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन किया जा सकेगा।
जारी सूचना के अनुसार प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया 10 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होकर 5 मई 2026 तक चलेगी। इसके बाद 6 मई से 10 मई 2026 के बीच लॉटरी प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। चयनित विद्यार्थियों के प्रवेश की अन्य आवश्यक कार्यवाही 11 मई से 15 मई 2026 तक पूर्ण की जाएगी।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा प्रवेश हेतु कुछ महत्वपूर्ण निर्देश भी जारी किए गए हैं। एक विद्यार्थी केवल एक ही विद्यालय के लिए आवेदन कर सकेगा। महतारी दुलारी योजना के अंतर्गत कोरोना महामारी के कारण अनाथ हुए बच्चों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिसके लिए अभिभावकों का मृत्यु प्रमाण पत्र (सीएमओ द्वारा जारी) अनिवार्य रूप से संलग्न करना होगा।
इसके अलावा, बीपीएल एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए कुल रिक्त सीटों में 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित रहेंगी। इसके लिए सक्षम अधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक होगा। वहीं, विद्यालय में पहले से अध्ययनरत छात्रों को अगली कक्षा में प्रवेश के लिए पुनः आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी।
विद्यालय में कुल रिक्त सीटों का 50 प्रतिशत हिस्सा छात्राओं के लिए निर्धारित किया गया है। यदि पर्याप्त संख्या में छात्राएं नहीं मिलती हैं, तो इन सीटों को छात्रों से भरा जा सकेगा। कक्षा पहली में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों की आयु 31 मई 2026 की स्थिति में 5 वर्ष 6 माह से 6 वर्ष 6 माह के बीच होना अनिवार्य है।
अधिक जानकारी के लिए अभिभावक कार्यालयीन समय में विद्यालय में संपर्क कर सकते हैं या प्राचार्य गोवर्धन सिंह से मोबाइल नंबर 9981770026 पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

