जांजगीर-चांपा में प्रभारी एसपी निवेदिता पाल का पत्रकारों ने किया आत्मीय स्वागत

Chattisgarh

जांजगीर-चांपा। जिले में प्रभारी पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार ग्रहण करने के बाद श्रीमती निवेदिता पाल का विभिन्न संगठनों द्वारा लगातार स्वागत किया जा रहा है। इसी क्रम में राष्ट्रीय पत्रकार मोर्चा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनसे भेंट कर पुष्पगुच्छ भेंट करते हुए आत्मीय स्वागत किया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय पत्रकार मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कुनाल गुप्ता, संभागीय अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद जायसवाल, संभागीय सचिव संतोष कुमार देवांगन सहित मनीराम आजाद, संतोष कुमार दुबे, विनोद कुमार यादव एवं अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में प्रभारी पुलिस अधीक्षक का अभिनंदन करते हुए जिले में बेहतर कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा की अपेक्षा व्यक्त की।

पत्रकारों ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस और मीडिया समाज के दो महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, जिनके समन्वय से ही पारदर्शिता और न्याय व्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि निवेदिता पाल के नेतृत्व में जांजगीर-चांपा जिले में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा आम जनता को त्वरित न्याय और सुरक्षा का लाभ मिलेगा।

चर्चा के दौरान प्रभारी एसपी निवेदिता पाल ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनकी पहली पदस्थापना छत्तीसगढ़ में डीएसपी के रूप में हुई थी। इसके बाद उन्होंने राज्य के विभिन्न जिलों में डीएसपी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं दीं और रायगढ़ में 6वीं वाहिनी में सेनानी के पद पर भी कार्य किया। वर्तमान में उन्हें जांजगीर-चांपा जिले में प्रभारी पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवा का अवसर मिला है, जहां वे आम जनता और पत्रकारों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेंगी।

प्रभारी एसपी ने पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने मीडिया से सहयोग की अपेक्षा जताई और कहा कि सकारात्मक संवाद और सूचनाओं के आदान-प्रदान से समाज में बेहतर वातावरण का निर्माण किया जा सकता है।

कार्यक्रम का माहौल सौहार्दपूर्ण रहा, जहां आपसी सहयोग, समन्वय और जनहित में कार्य करने की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली। यह स्वागत कार्यक्रम न केवल एक औपचारिक मुलाकात रहा, बल्कि पुलिस और पत्रकारों के बीच बेहतर तालमेल की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित हुआ।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *