कलेक्टर खेतों में पहुंचे, उड़द-मूंगफली और मक्का की फसल देख किसानों से किया संवाद

Chattisgarh News Surajpur

छत्तीसगढ़ स्टेट हेड – सुखदेव आजाद

जिला कोरबा
कोरबा जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की खेती और नवाचार को करीब से समझने के लिए कलेक्टर कुणाल दुदावत खेतों तक पहुंचे।

उन्होंने विकासखंड कोरबा के ग्राम बरपाली के कलमीटिकरा क्षेत्र में किसानों द्वारा की जा रही मक्का, उड़द और मूंगफली की खेती का अवलोकन किया और किसानों से सीधा संवाद कर खेती से जुड़े अनुभव और समस्याएं सुनीं।

साल के घने जंगलों और सूखे खेतों के बीच अचानक हरियाली से भरे खेतों का दृश्य देखकर कलेक्टर ने अपनी गाड़ी रुकवाई और स्वयं खेत में उतरकर किसानों से बातचीत की। यहां किसानों द्वारा लबेद जलाशय के पानी से सिंचाई कर गर्मी के मौसम में भी अच्छी फसल ली जा रही है।

सरकारी योजनाओं से किसानों को मिल रहा लाभ

कलेक्टर ने किसान टीकाराम राठिया और सहदेव राठिया से चर्चा कर खेती और शासन की योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि धान बेचने के बाद कृषक उन्नति योजना के तहत अंतर की राशि 28 फरवरी को ही उनके खातों में मिल गई है। साथ ही कृषि विभाग द्वारा खाद, बीज और तकनीकी सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।

किसानों के अनुसार क्षेत्र में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत मक्का, डीएमएफ से मूंगफली तथा दलहन आत्मनिर्भर योजना के तहत उड़द की खेती की जा रही है। वर्तमान में लगभग 5 हेक्टेयर में मक्का, 9 हेक्टेयर में उड़द और 21 हेक्टेयर में मूंगफली की खेती की जा रही है।

लाभदायक फसलों की खेती के लिए किया प्रोत्साहित
कलेक्टर ने किसानों को पपीता, शकरकंद सहित अन्य लाभदायक फसलों की खेती की संभावनाओं पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसान चाहें तो इन फसलों की ओर भी आगे बढ़ सकते हैं और शासन की ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
बिजली कटौती की शिकायत पर तुरंत दिए निर्देश

निरीक्षण के दौरान किसानों ने बिजली कटौती के कारण सिंचाई प्रभावित होने की शिकायत कलेक्टर से की। इस पर उन्होंने तुरंत विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता को फोन कर समस्या का जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही कुछ किसानों ने खेतों तक लगाए गए बिजली के खंभे गिरने की समस्या भी बताई, जिस पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

लबेद जलाशय पर पुल निर्माण की मांग

किसानों ने लबेद जलाशय के पास पुल निर्माण की मांग भी कलेक्टर के सामने रखी। इस पर कलेक्टर ने खेतों की मेड़ों पर लगभग एक किलोमीटर से अधिक पैदल चलकर स्थल का निरीक्षण किया और जल संसाधन विभाग को पुल निर्माण की संभावनाओं का परीक्षण करने के निर्देश दिए।

ड्रिप सिंचाई से तरबूज की खेती का भी किया अवलोकन
कलेक्टर ने ग्राम मुढूनारा में किसान टीकाराम द्वारा लगभग 6 एकड़ में ड्रिप सिंचाई पद्धति से की जा रही तरबूज की खेती का भी निरीक्षण किया। किसान ने बताया कि गांव के पांच किसान मिलकर साल में तीन बार फसल लेते हैं, जिससे प्रत्येक किसान को लगभग एक लाख रुपये तक की आय हो जाती है।

कलेक्टर ने किसानों को पॉलीहाउस और आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया और अधिकारियों को ड्रिप सिंचाई के विस्तार तथा सिंचाई रकबा बढ़ाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग, सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरभेले और एसडीएम सरोज महिलांगे भी उपस्थित रहे। 📰

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *