
सूरजपुुर// रामानुजनगर के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पतरापाली के विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए एक सराहनीय पहल की है। विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियाँ लेकर फोटो एवं संदेश सोशल मीडिया के माध्यम से साझा कर लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। बच्चों द्वारा प्रदर्शित संदेशों में वाहन को निर्धारित गति सीमा में चलाएँ, शराब पीकर वाहन न चलाएँ, एम्बुलेंस को पहले रास्ता दें, हेलमेट पहनें, सीट बेल्ट बाँधें, नाबालिग बच्चों को वाहन न दें जैसे महत्वपूर्ण सड़क सुरक्षा नियम शामिल थे।
विद्यार्थियों ने यह भी संदेश दिया कि बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन न चलाएँ और मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाना दुर्घटनाओं को न्यौता देता है। विद्यालय के शिक्षकों योगेश साहू ने बताया कि इस गतिविधि का उद्देश्य बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा समुदाय तक सकारात्मक संदेश पहुँचाना है।
आज के डिजिटल युग में सोशल मीडिया एक सशक्त माध्यम बन गया है, जिसके द्वारा विद्यार्थी अपने विचार व्यापक स्तर पर साझा कर सकते हैं। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन की रक्षा का माध्यम है। विद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की कि बच्चों की यह पहल आमजन को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करेगी और दुर्घटनाओं में कमी लाने में सहायक सिद्ध होगी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

