हंस वाहिनी विद्या मंदिर प्रकरण को लेकर प्रशासन ने उठाया सख्त कदम

Chattisgarh News Surajpur

-पुलिस ने स्कूल प्रबंधन पर एफआईआर दर्ज किया

सूरजपुर, रामानुजनगर विकासखंड के नारायणपुर में स्थित निजी विद्यालय हंस वाहिनी विद्या मंदिर में केजी-2 के एक छात्र को होमवर्क न करने पर शिक्षिका द्वारा दी गई सजा के मामले में जिला व पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन के निर्देश के अनुपालन में शिक्षा विभाग द्वारा नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी श्री अजय मिश्रा ने जानकारी देत हुए बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी को जांच के निर्देश दिए गए थे। जांच प्रतिवेदन में मामला सही पाया गया। उन्होंने यह भी बताया कि जांच में संबंधित स्कूल में क्षमता से अधिक बच्चे अध्ययनरत पाये गए। जिस पर स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया। जिसमें स्कूल प्रबंधन ने सजा की बात स्वीकार करते हुए संबंधित शिक्षिका को तत्काल सेवा से हटाने की बात पत्र के माध्यम से अवगत कराया है। डीईओ श्री मिश्रा ने यह भी जानकारी दी कि 27 नवम्बर को जनप्रतिनिधि व पालकों की उपस्थिति में दो निजी विद्यालय संचालकों के द्वारा संबंधित स्कूल के बच्चों को उसी फीस की संरचना पर अध्यापन कराने की सहमति प्रदान की गई है। इस संबंध में कल 29 नवम्बर को विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, पालक व दोनों स्कूल प्रबंधकों के साथ बैठक आहूत कर हंस वाहिनी विद्या मंदिर में अध्ययनरत सभी बच्चों को प्रवेश दिलाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। दूसरी ओर मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर पुलिस ने मामले में सख्त कार्रवाई की है। वायरल वीडियो एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध अपराध क्रमांक 203/25, धारा 127(2) बीएनएस, किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल एवं संरक्षण) अधिनियम 2015 की धारा 75, 82 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी आलरिक लकड़ा ने स्पष्ट किया कि पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेकर इस मामले में कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है। उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग बच्चों की सुरक्षा, सम्मान और संरक्षण के प्रति प्रतिबद्ध है और ऐसे मामलों पर प्रशासन द्वारा जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जायेगी।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *