बलरामपुर, 16 अक्टूबर 2026। संयुक्त जिला कार्यालय बलरामपुर के सभाकक्ष में ग्राम पंचायत चौंरा (जनपद पंचायत राजपुर) में कोयला खनन को लेकर विभिन्न भ्रांतियों के समाधान तथा आगामी कार्यवाही के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी (आईएएस), पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बेंकर (भा.पु.से.), अपर कलेक्टर एवं अपर जिला मजिस्ट्रेट श्री रामशिला लाल, एसईसीएल भटगांव क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक श्री मनीष कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में ग्राम पंचायत चौंरा के सरपंच, सचिव, पंचगण, वरिष्ठ नागरिक तथा प्रभावित भूमिस्वामी भी शामिल हुए।
बैठक में मुख्य रूप से जिला पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन समिति के दिशा-निर्देशों तथा DGPS सर्वे के आधार पर आगे की जाने वाली कार्यवाही पर विस्तार से चर्चा की गई। चर्चा के दौरान ग्राम पंचायत में खनन गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों के मन में मौजूद विभिन्न प्रकार की शंकाओं और भ्रांतियों का प्रशासनिक स्तर पर तथ्यात्मक समाधान प्रस्तुत किया गया।
बैठक में जिला कलेक्टर द्वारा ग्रामीणों को बताया गया कि दशहरा के बाद कोयला खनन और विभिन्न भ्रांतियों के समाधान हेतु ग्राम पंचायत चौंरा में विशेष बैठक का आयोजन किया जाएगा।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में विकास कार्यों और खनन गतिविधियों का संचालन पूरी पारदर्शिता, नियमों के पालन और स्थानीय हितों को ध्यान में रखकर किया जाएगा। बैठक में सभी पक्षों की सहमति और सकारात्मक सहयोग के साथ आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया को बढ़ाने का निर्णय लिया गया।

What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

