आंगन मिलन कार्यक्रम से सुपोषण और जनजागरूकता को बढ़ावा, महिलाओं एवं बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता

Chattisgarh News Surajpur

सेवा संकल्प अभियान एवं राष्ट्रीय पोषण माह के तहत पौष्टिक व्यंजन प्रदर्शनी

सूरजपुर/05 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान तथा राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के द्वारा आंगन मिलन एवं विशेष पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। बच्चों के सर्वांगीण विकास, महिलाओं के स्वास्थ्य और कुपोषण उन्मूलन के प्रति सामुदायिक जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं, किशोरी बालिकाओं, बच्चों तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
पोषण जागरूकता के लिए स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हरी साग-सब्जियों, मौसमी फलों एवं पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई। मेरी पौष्टिक थाली के माध्यम से दैनिक भोजन में विविधता अपनाने और स्थानीय खाद्य पदार्थों का उपयोग करने का संदेश दिया गया। महिलाओं को बच्चों, किशोरियों एवं गर्भवती महिलाओं की पोषण संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी भी दी गई। इन गतिविधियों के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और नियमित देखभाल के प्रति जागरूक किया गया।
घर-घर मुनगा, हर घर मुनगा के संदेश के साथ परिवारों को मुनगा लगाने तथा उसे दैनिक आहार में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में बताया गया कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों का संतुलित उपयोग परिवार के बेहतर पोषण में सहायक हो सकता है। इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने बताया कि कुपोषण उन्मूलन के लिए संतुलित खान-पान, स्वच्छता और समुदाय की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं संतुलित आहार के महत्व की जानकारी देने के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को जोड़ने पर प्राथमिकता दिया गया। विभागीय अधिकारियों ने महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं से संवाद कर उनके अनुभव जाने तथा विभागीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उल्लेखनीय है कि सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत विभागीय गतिविधियों के माध्यम से परिवारों को पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ पात्र महिलाओं और बच्चों तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *