डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, जरही के मैदान पर श्रमदान, स्वच्छता शपथ और रोमांचक खेल प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन
भटगांव (27 सितंबर 2026): भारत सरकार के राष्ट्रव्यापी ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) भटगांव क्षेत्र द्वारा डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, जरही के खेल मैदान में “Sports for Swachhata” थीम पर एक विशेष कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य खेल भावना और सामूहिक सहभागिता के माध्यम से समाज में स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ परिसर और खेल मैदान में व्यापक सफाई अभियान के साथ हुआ। एसईसीएल के अधिकारियों, कर्मचारियों, ठेका श्रमिकों तथा स्कूली विद्यार्थियों ने मिलकर श्रमदान किया और पूरे मैदान व आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाया। इसके उपरांत सभी उपस्थित जनों को ‘स्वच्छता शपथ’ दिलाई गई, जिसमें सभी ने अपने दैनिक जीवन में स्वच्छता अपनाने और दूसरों को इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
आयोजन के मुख्य आकर्षण के तौर पर एक रोमांचक वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें एसईसीएल कर्मियों, उनके बच्चों (बालक एवं बालिका वर्ग) तथा ठेका श्रमिकों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। मैदान पर खिलाड़ियों के बीच उत्कृष्ट खेल कौशल के साथ-साथ स्वच्छता के प्रति एकजुटता और मजबूत टीम भावना देखने को मिली।
प्रतियोगिता के समापन पर स्टाफ अधिकारी (मानव संसाधन) श्री राज कुमार शर्मा ने बालक एवं बालिका वर्ग की विजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इसके अलावा दोनों वर्गों में व्यक्तिगत स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को श्रेष्ठ लिफ्टर, श्रेष्ठ डिफेंडर तथा श्रेष्ठ अटैकर के विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए।
समारोह को संबोधित करते हुए श्री राज कुमार शर्मा ने सभी प्रतिभागियों के खेल प्रदर्शन की सराहना की और आह्वान किया कि स्वच्छता को केवल एक अभियान तक सीमित न रखकर इसे अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाएं।

What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

