आंगनबाड़ी केंद्रों में 25 सितंबर से शुरू होगी आंगन मिलन सेवा

Chattisgarh News Surajpur

स्वास्थ्य और बाल विकास की गतिविधियों में सहभागी बनेंगे परिवार

सेवा संकल्प अभियान के तहत चौपाल, संवाद का होगा आयोजन

सूरजपुर/24 सितम्बर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 25 सितम्बर से 7 अक्टूबर तक आंगन मिलन सेवा का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान चौपाल, मातृ संवाद, न्योता भोज और सम्मान कार्यक्रमों के माध्यम से समुदाय को पोषण, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और बाल विकास से जुड़ी गतिविधियों में सहभागी बनाया जाएगा।
अभियान की शुरुआत 25 सितम्बर को आंगन मिलन सेवा चौपाल से होगी। इसमें हितग्राही माताएं, स्वसहायता समूह की महिलाएं, बच्चों के अभिभावक, मितानिन और स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। चौपाल में महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। मेरी पौष्टिक थाली के प्रदर्शन के माध्यम से संतुलित आहार का महत्व बताया जाएगा। पौष्टिक व्यंजन बनाने की विधि का प्रदर्शन भी होगा। बच्चों के लिए खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ स्वास्थ्य एवं पोषण विषय पर चित्रकला तथा स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण वाटिका विकसित करने के लिए पौधरोपण होगा। घर-घर मुनगा, हर घर मुनगा के संदेश के साथ परिवारों को मुनगा लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। समुदाय को बच्चों के लिए खिलौने और खेल सामग्री दान करने हेतु भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से महिलाओं, बच्चों और गर्भवती माताओं की स्वास्थ्य जांच तथा टीकाकरण किया जाएगा। महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभिन्न योजनाओं की लाभार्थी महिलाएं मेरी कहानी, मेरी जुबानी के तहत अपने अनुभव साझा करेंगी। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों को सम्मानित भी किया जाएगा। सामुदायिक सहभागिता से आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए पौष्टिक न्योता भोज का आयोजन किया जाएगा। इच्छुक नागरिक इसमें अपना योगदान दे सकेंगे।
अभियान के अंतर्गत महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि का उपयोग स्वयं और बच्चों के पोषण के लिए करने वाली माताओं को पोषण शक्ति सम्मान देकर प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही आंगन मिलन सेवा के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों में माताओं, बच्चों और समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित की जायेगी।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *