प्रत्येक माह की 9 एवं 24 तारीख को गर्भवती महिलाओं के लिए सोनोग्राफी की सुविधा
गर्भवती महिलाओं की जांच, उपचार के साथ दिया जा रहा स्वास्थ्य परामर्श
सूरजपुर/24 सितंबर 2026/ सुरक्षित मातृत्व के लिए कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह के मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के जिला चिकित्सालय, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का आयोजन किया गया।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचने वाली गर्भवती महिलाओं का चिकित्सकीय परीक्षण, आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं उपचार किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व, प्रसव पूर्व जांच, संतुलित पोषण, आवश्यक दवाइयों तथा प्रसव के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में जानकारी साझा की गयी।
जिले में वर्तमान में जिला चिकित्सालय तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैयाथान, प्रतापपुर, ओड़गी एवं रामानुजनगर में शासकीय एवं निजी स्त्री रोग विशेषज्ञों तथा रेडियोलॉजिस्ट के सहयोग से प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत प्रत्येक माह की 9 एवं 24 तारीख को गर्भवती महिलाओं के लिए सोनोग्राफी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। अभियान अंतर्गत आज 1180 महिलाओं की जांच की गई जिसमें 123 की उच्च जोखिम गर्भवती के रूप में पहचान की गई, तथा 106 महिलाओं की सोनोग्राफी की गई।
अभियान को अधिक प्रभावी एवं जनसुलभ बनाने के उद्देश्य से विभिन्न सेक्टरों के अंतर्गत स्वास्थ्य शिविरों का भी आयोजन किया गया, जहां ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचने वाली गर्भवती महिलाओं सहित अन्य हितग्राहियों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस प्रकार के अभियानों के माध्यम से विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

