- विशेष अभियान 6.0: डी.ए.वी. और सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों ने अनुपयोगी सामग्री को दिया कलात्मक रूप
- एसईसीएल भटगांव क्षेत्र की पहल: ई-वेस्ट प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति छात्रों को किया जागरूक
भटगांव (छत्तीसगढ़)। भारत सरकार के ‘विशेष अभियान 6.0’ के अंतर्गत एसईसीएल (SECL) भटगांव क्षेत्र की ओर से “स्क्रैप टू आर्ट” (Scrap to Art) थीम पर एक अनूठी रचनात्मक गतिविधि का आयोजन किया गया। डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल और सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने कबाड़ व अनुपयोगी सामग्री से शानदार मॉडल और कलाकृतियां बनाकर अपनी नवाचारी प्रतिभा का परिचय दिया।
गतिविधि के दौरान विद्यार्थियों ने ई-वेस्ट, पुराने इलेक्ट्रॉनिक पुर्जे, कार्डबोर्ड, प्लास्टिक और अन्य स्क्रैप सामग्रियों का उपयोग किया। बच्चों ने बेकार मानी जाने वाली चीजों को सुंदर और उपयोगी मॉडलों में बदलकर अपनी कल्पनाशीलता, वैज्ञानिक सोच और पर्यावरण के अनुकूल दृष्टिकोण का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में एसईसीएल भटगांव क्षेत्र के अधिकारियों और प्रबंधन प्रतिनिधियों ने पहुंचकर बच्चों द्वारा बनाई गई कलाकृतियों का अवलोकन किया। अधिकारियों ने छात्रों से सीधे संवाद कर प्रोजेक्ट्स की कार्यप्रणाली, प्रयुक्त सामग्री और उनके नवाचार के पीछे के विचारों की जानकारी ली तथा बच्चों के प्रयासों की सराहना की।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को अपशिष्ट के पुन: उपयोग (Reuse) और रचनात्मक सोच के महत्व से जोड़ना था। यह पहल भारत सरकार के विशेष अभियान 6.0 के मुख्य संदेशों—प्रभावी संग्रहण (Effective Collection), पृथक्करण (Segregation) और उचित निष्पादन (Disposal)—को बच्चों तक व्यावहारिक रूप से पहुँचाने में पूरी तरह सफल रही।

What do you feel about this post?
0%
Like
0%
Love
0%
Happy
0%
Haha
0%
Sad
0%

