
सूरजपुर। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में जिले में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन के लिए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री योगेश कुमार पटेल (भापुसे) द्वारा निर्देश दिए गए हैं। इन निर्देशों के परिपालन में जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में युवाओं एवं विद्यार्थियों की सहभागिता से विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार, 12 अगस्त 2026 को चौकी लटोरी पुलिस द्वारा मैराथन दौड़ तथा चौकी कुदरगढ़ पुलिस द्वारा निबंध प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया।
चंदौरीडांड से लटोरी तक 5 किमी मैराथन दौड़
चौकी प्रभारी लटोरी सुनील सिंह की देखरेख में ग्राम चंदौरीडांड से लटोरी तक लगभग 5 किलोमीटर की मैराथन दौड़ आयोजित की गई। प्रतियोगिता में चौकी क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों के युवाओं एवं धावकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ दौड़ में भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मैराथन दौड़ में ग्राम अजबनगर के राहुल यादव ने प्रथम, ग्राम डुमरिया के शिवशंकर ने द्वितीय तथा ग्राम लटोरी बिहारपुर के गणेश सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को मेडल एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस दौरान ग्राम जगतपुर निवासी 12 वर्षीय बाल धावक घनश्याम कुशवाहा ने भी मैराथन दौड़ में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इतनी कम उम्र में उसकी दौड़ के प्रति रुचि एवं उत्साह को देखते हुए पुलिस द्वारा उसका उत्साहवर्धन किया गया तथा उसे मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
हाईस्कूल धूर में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन
इसी क्रम में चौकी प्रभारी कुदरगढ़ संजय यादव के द्वारा हाईस्कूल धूर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर उनके जीवन एवं व्यक्तित्व पर आधारित निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यालय के 123 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में चंदन सिंह ने प्रथम, जितेन्द्र राजवाड़े ने द्वितीय तथा संत कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य जवाहर लाल पटेल सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे।
प्रतियोगिताओं से युवाओं में बढ़ रहा उत्साह
पुलिस द्वारा आयोजित इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को राष्ट्र निर्माण, एकता, अनुशासन, खेल भावना तथा महान व्यक्तित्वों के जीवन से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित करना है। मैराथन दौड़ में युवाओं की सहभागिता और निबंध प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की भागीदारी से कार्यक्रम के प्रति उत्साह देखने को मिला।
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री योगेश कुमार पटेल ने मैराथन दौड़ एवं निबंध प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए विजेताओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

