– एक-एक आवास की नियमित मॉनिटरिंग करें, तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें – कलेक्टर श्रीमती रेना जमील
सूरजपुर/04 जुलाई 2026/ कलेक्टर श्रीमती रेना जमील एवं सीईओ जिला पंचायत श्री विजेंद्र सिंह पाटले ने जिला पंचायत सभाकक्ष में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की विस्तृत समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को योजना के शत-प्रतिशत एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) शासन की प्राथमिकता वाली योजना है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। इसलिए सभी अधिकारी पूरी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक स्वीकृत आवास की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा निर्माण कार्य की प्रगति पर प्रतिदिन नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि तकनीकी अमला प्रतिदिन निर्माणाधीन आवासों का भ्रमण करे और फील्ड में आने वाली तकनीकी समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करे, ताकि किसी भी कारण से निर्माण कार्य बाधित न हो।
उन्होंने सभी जनपद पंचायतों को प्रतिदिन आवास चौपाल आयोजित करने के निर्देश देते हुए कहा कि हितग्राहियों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाए। जमीनी अमले की कार्यप्रणाली की नियमित समीक्षा की जाए तथा प्रगति के आधार पर आवश्यक मार्गदर्शन और जवाबदेही तय की जाए।
कलेक्टर श्रीमती जमील ने कहा कि जनपदों में प्रत्येक माह गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि पूर्ण हो चुके आवासों में हितग्राहियों का सम्मानपूर्वक गृह प्रवेश कराया जा सके और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का सकारात्मक प्रभाव समाज तक पहुंचे।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शेष बचे हितग्राहियों के प्रकरणों का समाधान प्रभावी संवाद और संवेदनशील व्यवहार से ही संभव है। अधिकारी नियमित रूप से हितग्राहियों से संपर्क बनाए रखें और उनकी समस्याओं का व्यावहारिक समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक में कलेक्टर ने बताया कि हाल ही में आवास प्लस 2.0 के लिए ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया है। सभी जनपद पंचायतें ग्राम सभाओं से प्राप्त जानकारी का संकलन कर तत्काल जिला कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि शासन के निर्देशानुसार आगामी कार्यवाही समयबद्ध रूप से की जा सके।
योजना की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए कलेक्टर ने जिले के अधिकारियों को जनपद पंचायतवार नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नोडल अधिकारी अपने आवंटित जनपद की नियमित समीक्षा करें, फील्ड भ्रमण करें तथा प्रगति में आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित हितग्राहियों की प्रेरक सफलता की कहानियों का संकलन कर उन्हें समाचार पत्रों एवं अन्य प्रचार माध्यमों में नियमित रूप से प्रकाशित कराया जाए, ताकि योजनाओं के सकारात्मक परिणाम आमजन तक पहुंचें और पात्र परिवार इन योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित हों।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की प्रगति, अपूर्ण आवासों की स्थिति, निर्माण कार्य में आ रही चुनौतियों तथा उनके निराकरण पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर उप संचालक पंचायत, ईई आरईएस, एपीओ नरेगा, डीसी आवास योजना, डीपीएम बिहान, समस्त सीईओ जनपद पंचायत, समस्त एसडीओ, एसी आवास, एई आवास, पीओ, बीपीएम, बीसी, उप अभियंता, एडीईओ, डीईओ, समस्त तकनीकी सहायक नरेगा, बीएफटी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहें।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

