कलेक्टर ने चम्बोथी तालाब में जनप्रतिनिधि और नागरिकों के साथ श्रमदान कर स्वच्छता का दिया संदेश

Chattisgarh Surajpur

तालाब परिसर की सफाई, सौंदर्यीकरण और हरियाली बढ़ाने के दिए निर्देश

गंदगी फैलाने वालों पर समझाइश के बाद जुर्माना एवं निगरानी की होगी व्यवस्था

सूरजपुर/04 जुलाई 2026/ स्वच्छ भारत मिशन एवं स्वच्छ नगर की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में नगर पालिका परिषद सूरजपुर के बाजारपारा स्थित चम्बोथी तालाब में कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के नेतृत्व में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर सामूहिक श्रमदान किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती कुसुमलता राजवाड़े, उपाध्यक्ष श्री शैलेश अग्रवाल, पार्षद श्री प्रमोद तायल, नगर पालिका व अन्य विभाग के संबंधित अधिकारी -कर्मचारियों तथा नागरिकों के साथ श्रमदान कर तालाब परिसर की साफ-सफाई की।
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने स्वयं ग्लव्स पहनकर झाड़ू लगाया और कचरा उठाकर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने में प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि सभी नागरिक दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ आगे आएं, तो सूरजपुर स्वच्छता के क्षेत्र में न केवल प्रदेश बल्कि देश में भी अलग पहचान बना सकता है।
अभियान के दौरान कलेक्टर ने नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देशित किया कि तालाब सहित नगर के अन्य सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने एवं कचरा फेंकने वालों को पहले उचित कचरा प्रबंधन के लिए समझाइश दी जाए। इसके बाद भी सुधार नहीं होने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध जुर्माना वसूली की कार्रवाई की जाए। उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर निगरानी के लिए कैमरों के उपयोग की भी बात कही।
कलेक्टर ने जलस्रोतों की नियमित सफाई, तालाब परिसर के सौंदर्यीकरण तथा चारों ओर पौधरोपण कराने के निर्देश दिए, ताकि परिसर स्वच्छ, हरित और आकर्षक बने। साथ ही मटन मार्केट के दुकानदारों द्वारा इधर-उधर अवशेष फेंककर फैलायी जा रही गंदगी पर भी नाराजगी व्यक्त करते हुए सीएमओ को तत्काल सफाई सुनिश्चित कराने तथा भविष्य में गंदगी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान बड़ी संख्या में नगर के जनप्रतिनिधि, नगरवासी व अधिकारी-कर्मचारियों ने सामूहिक श्रमदान किया।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *