उद्यम पंजीयन तक सीमित न रहें, युवाओं और महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उद्यमी बनाएं : कलेक्टर श्रीमती रेना जमील

Chattisgarh News Surajpur

– बांस उद्योग, होम स्टे, माटीकला और वनांचल क्षेत्रों में प्रशिक्षण गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश

सूरजपुर/05 जुलाई 2026/ सूरजपुर कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने आज रविवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में उद्योग विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा जिले में कार्यरत संबंधित एजेंसियों की बैठक लेकर जिले में स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में संचालित गतिविधियों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने युवा और महिलाओं को उद्यम से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली।
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्य केवल उद्यम पंजीयन तक सीमित न रहे, बल्कि इच्छुक हितग्राहियों को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग प्रदान कर उन्हें वास्तविक रूप से उद्यमी बनाने की दिशा में कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि विविध गतिविधियों के माध्यम से युवा एवं महिलाओं को प्रशिक्षित कर आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करना प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में कलेक्टर ने जिले में बांस आधारित उद्योग की संभावनाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में बांस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, जिसका उपयोग कर बेहतर उद्योग स्थापित किए जा सकते हैं। इसके लिए उन्होंने सर्वेक्षण कर ठोस कार्ययोजना तैयार करने तथा मास्टर प्रशिक्षकों के माध्यम से प्रशिक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने दूरस्थ वनांचल क्षेत्र ओड़गी विकासखंड में भी लोगों को उद्यम से जोड़ने के लिए प्रशिक्षण गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। साथ ही जिले में होम स्टे को प्रोत्साहित करने, कृषि, माइनिंग, उद्यानिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में उद्यम आधारित इकाइयों के विकास की दिशा में कार्य करने को कहा।
बैठक में उन्होंने तेलईकछार में संचालित माटीकला बोर्ड के साथ समन्वय स्थापित कर मिट्टी के खिलौने निर्माण को बढ़ावा देने की बात कही। इस क्षेत्र में उन्नत प्रशिक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर विकसित किए जा सकें।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *