शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव में बंपर मतदान

Chattisgarh News Surajpur

पहली बार नगर पंचायत चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह

4 जून को स्थानीय गर्ल्स स्कूल में होगी मतगणना

सरगुजा संभाग के नवगठित नगर पंचायत शिवनंदनपुर में पहली बार आयोजित नगर पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। नगर पंचायत गठन के बाद हुए इस पहले चुनाव को लेकर मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। मतदान के दौरान सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं।

नगर पंचायत शिवनंदनपुर में कुल 4642 मतदाता दर्ज हैं, जिनमें 2307 महिला एवं 2335 पुरुष मतदाता शामिल हैं। अध्यक्ष पद सहित 15 वार्ड पार्षद पदों के लिए कुल 50 प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा 15 मतदान केंद्र बनाए गए थे।

चुनाव प्रचार के दौरान हुई एक छोटी घटना के बाद यह चुनाव पूरी तरह हाई प्रोफाइल बन गया था। एक ओर कांग्रेस के बड़े नेताओं का लगातार दौरा रहा, वहीं भाजपा के मंत्री एवं वरिष्ठ नेताओं ने भी क्षेत्र में ताबड़तोड़ प्रचार किया। राजनीतिक दलों की सक्रियता के कारण पूरा चुनावी माहौल काफी गरमाया रहा। गौर करने वाली बात यह है कि नगर पंचायत शिवनंदनपुर केबिनेट मंत्री श्रीमती लक्ष्मी रजवाड़े के विधानसभा क्षेत्र में आता है जिसके कारण यह चुनाव राजनैतिक नजरिए से अहम माना जा रहा है l

मतदाताओं में पहली बार नगर पंचायत चुनाव में मतदान को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने मतदान में भाग लिया। सूत्रों के अनुसार नगर पंचायत चुनाव में लगभग 90 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड माना जा रहा है।

अध्यक्ष पद के लिए भाजपा से रितेश जायसवाल, कांग्रेस से संजय सोनी तथा आम आदमी पार्टी से सतपाल साहू चुनाव मैदान में हैं। अब सभी प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो चुकी है।

मतगणना 4 जून को स्थानीय गर्ल्स स्कूल में की जाएगी। इसके बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नगर पंचायत शिवनंदनपुर की पहली सरकार किस दल के हाथों में जाएगी।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *