कलेक्टर सुश्री रैना जमील के संरक्षण एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री अजय कुमार मिश्रा के आदेश के परिपालन में पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बतरा में “समर कैम्प 2026 : रचनात्मकता और कौशल का संगम” का भव्य शुभारम्भ किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्राचार्य गोवर्धन सिंह के कुशल नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता हीरा लाल राजवाड़े, अध्यक्ष शाला प्रबंधन एवं विकास समिति, पीएमश्री सेजेस बतरा ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आनंद सिंह आर्मों तथा विशिष्ट अतिथि विजय कुमार राजवाड़े, भुनेश्वर राजवाड़े, मिनी प्रसन्ना, अंजना जायसवाल एवं रविन्द्र सिंह सहित विद्यालय परिवार के सदस्य, अभिभावक एवं प्रतिभागी विद्यार्थी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि तथा विशिष्ट अतिथियों ने विद्यार्थियों को ग्रीष्मावकाश का सदुपयोग करते हुए अपनी प्रतिभाओं को निखारने तथा नवीन कौशल अर्जित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास वृद्धि तथा रचनात्मक सोच के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्राचार्य गोवर्धन सिंह ने बताया कि समर कैम्प का आयोजन 01 जून से 15 जून 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 07:30 बजे से 09:00 बजे तक किया जाएगा। शिविर में विद्यार्थियों को कला, संस्कृति, हस्तशिल्प, तकनीकी एवं जीवनोपयोगी कौशलों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
समर कैम्प के अंतर्गत नृत्य, संगीत, नाटक, कला, टॉय मेकिंग, फूल एवं मोतियों की माला निर्माण, बांस एवं मिट्टी शिल्प, कम्युनिकेशन स्किल, ओरिगामी, क्ले मॉडलिंग, ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण, मॉडल प्रदर्शन, कबाड़ से जुगाड़, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी जैसी विविध गतिविधियों का संचालन किया जाएगा।
विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों को उनकी रुचि एवं प्रतिभा के अनुरूप गतिविधियों में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जा रहा है, जिससे उनमें रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता एवं आत्मनिर्भरता का विकास हो सके।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समर कैम्प के सफल संचालन हेतु सभी को शुभकामनाएं दी गईं।
“सीखें • सृजन करें • आगे बढ़ें” के मूल मंत्र के साथ प्रारंभ हुआ यह समर कैम्प विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, कौशल एवं सृजनात्मकता का एक सशक्त मंच सिद्ध होगा।

What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

