सूरजपुर / भटगांव: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए शिवानी भूमिगत खदान (शिवानी माइंस) में घुसकर कॉपर केबल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना भटगांव पुलिस ने हथियारों से लैस 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें चोरी की सूचना लीक करने वाला एक निजी ठेकेदार का कर्मचारी भी शामिल है।
हथियारों के खौफ से सुरक्षा गार्ड भी सहमे
मामले का खुलासा तब हुआ जब शिवानी भूमिगत खान के प्रबंधक चंद्रकांत सोनवानी ने भटगांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। जानकारी के अनुसार, 20 अप्रैल 2026 की सुबह कुछ अज्ञात बदमाश तलवार, तब्बल और टांगी जैसे घातक हथियारों के साथ प्रतिबंधित खदान क्षेत्र में घुस आए।
हथियारबंद बदमाशों को देखकर ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड इस कदर खौफजदा हो गए कि उन्होंने बीच-बचाव की हिम्मत नहीं की। गार्ड्स का मानना था कि यदि वे उन्हें रोकते, तो आरोपी उनकी जान भी ले सकते थे। बदमाशों ने बेखौफ होकर खदान के मुहाने से 70 मीटर कॉपर केबल काटा और फरार हो गए।
CCTV फुटेज और ‘पंडा’ की गिरफ्तारी
घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी और एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। थाना प्रभारी मनोज सिंह के नेतृत्व में टीम ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो उसमें नरेंद्र सिंह उर्फ पंडा (निवासी कुम्दा बस्ती) की पहचान संदिग्ध के रूप में हुई। पुलिस ने घेराबंदी कर पंडा को दबोचा, जिसके बाद पूरी वारदात की परतें खुलती चली गईं।
घर के भेदी ने लंका ढहाई
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी नरेंद्र ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि खदान के भीतर कीमती केबल की लोकेशन और चोरी करने का सही समय उन्हें धनु सिंह ने बताया था, जो खदान में ही एक प्राइवेट ठेकेदार के पास काम करता है।
धनु सिंह की मुखबिरी पर ही गिरोह ने पूरी प्लानिंग की और जंगल के रास्ते हथियारों के साथ खदान में दाखिल हुए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 2 लाख 50 हजार रुपये कीमत का 70 मीटर कॉपर केबल और वारदात में इस्तेमाल की गई तलवार व तब्बल बरामद कर लिए हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की सूची:
- नरेंद्र सिंह उर्फ पंडा (25 वर्ष) – निवासी कुम्दा बस्ती, विश्रामपुर (मुख्य आरोपी)
- धनु सिंह (35 वर्ष) – निवासी बंशीपुर, भटगांव (मुखबिर/सहयोगी)
- रवि उर्फ चरण अगरिया (22 वर्ष) – निवासी कसकेला, जयनगर
- कमलेश सिंह (22 वर्ष) – निवासी कुम्दा बस्ती, विश्रामपुर
- घुरलू उर्फ घुल्डू पैंकरा (25 वर्ष) – निवासी कसकेला, जयनगर
- बल्लू सिंह (28 वर्ष) – निवासी कुम्दा बस्ती, विश्रामपुर
- दिनेश सिंह (26 वर्ष) – निवासी कुम्दा बस्ती, विश्रामपुर
पुलिस की कार्रवाई*
भटगांव पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 84/2026 के तहत धारा 307, 3(5) BNS और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मनोज सिंह, एएसआई राजकिशोर खलखो, सिक्योरिटी ऑफिसर नागेंद्र सिंह और उनकी टीम की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस अब मामले के एक फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
ब्यूरो रिपोर्ट: सूरजपुर
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

