जिला स्तरीय अधिकारियों की मुख्यमंत्री ने ली समीक्षा बैठक

Chattisgarh News Surajpur

-सेवा भाव के साथ जनहित में कार्य करने की दी सलाह

सूरजपुर/18 जनवरी 2026/  मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा कलेक्टर श्री एस.जयवर्धन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत कुमार ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ श्री विजेन्द्र पाटले की उपस्थिति में जिला सूरजपुर के जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली गई । मुख्यमंत्री द्वारा धान खरीदी की वस्तुस्थिति पर कलेक्टर व संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। कृषक बंधुओं की सहूलियत, धान खरीदी से लेकर उठाव जैसे विषयो पर आवश्यक दिशा निर्देश दिये गए। स्वास्थ्य को लेकर भी आवश्यक जानकारी ली गई, सीएमएचओ को निर्देशित किया गया कि सभी क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा का लाभ मिले। उन्होंने चाँदनी बिहारपुर जैसे दूरस्थ अंचलों के विषय पर भी जानकारी ली और वहां की बुनियादी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए  प्रस्ताव बना कर भेजने के निर्देश कलेक्टर को दिए गए ताकि शीघ्र उन स्थानो पर बेहतर सेवा उपलब्ध करायी जा सके।
   सड़क की वस्तुस्थिति को लेकर विस्तृत चर्चा किया गया।  सड़क निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण हो इस बात पर विशेष बल दिया।  बिजली व्यवस्था व पीएम सूर्य घर के संबंध में जानकारी ली। विद्युत विभाग के अभियंता को पीएम सूर्य घर के सकारात्मक पहलुओं का बेहतर प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिये ताकि आमजन को पीएम सूर्य घर योजना का लाभ मिल सके।
   इसके साथ ही उन्होंने समस्त जिला अधिकारियों को स्पष्ट किया कि सभी अधिकारी नियमित फील्ड विजिट करे व
अपने कर्तव्य स्थल पर ही निवासरत रहें ताकि विकास की दिशा में बेहतर  कार्य हो सके । उन्होंने सेवा भाव के साथ सभी अधिकारियों को जनहित मे कार्य करने की सलाह दी। अंत में उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारीगण से उनके  सुझाव भी पूछे  और बेहतर सुझाव को पूरा करने की बात भी कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *