
सूरजपुर / /शा. उ. मा.वि.रामानुज नगर के विशेष सात दिवसीय शिविर ग्राम छिंदिया में बौद्धिक चर्चा के दौरान पहुंचे डीएमसी सूरजपुर मनोज साहू,पूर्व कार्यक्रम अधिकारी व राज्यपाल पुरस्कार से पुरस्कृत नागेंद्र उपाध्याय एवं शालेय शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष यादवेंद्र दुबे। सर्वप्रथम कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नागेंद्र उपाध्याय एवं अध्यक्ष मनोज साहू ने विवेकानंद जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। नागेंद्र उपाध्याय ने अपने उद्बोधन में स्वयंसेवकों को स्वावलंबी बनने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आप लोग विज्ञान का सदुपयोग करें दुरूपयोग ना करें।समाज में मोबाइल के दुरुपयोग को रोकने पर विशेष बल दिया और कहा कि मनुष्य को किसी न किसी तरह से स्वावलंबी बनकर रोजगार मूलक कार्य करना चाहिए। मनोज साहू ने स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों को आत्मसात करने की बात कही।उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन अध्ययन और चिंतन का समय होता है। ऐसे समय में भी आप समाज सेवा के साथ साथ अपने व्यक्तित्व का विकास कर सकते हैं। मनुष्य को ऐसा कार्य करना चाहिए कि वह घर के लिए, समाज के लिए एक मिसाल बन जाए। यादवेंद्र दुबे ने कहा कि मनुष्य को अपने मातृभूमि व धर्म से सदैव प्रेम होना चाहिए। उन्होंने गीता को आदर्श मानकर कहा कि आप सभी लोगों को गीता का अध्ययन करना चाहिए। धार्मिक किताबों के साथ-साथ इतिहास का अध्ययन करने पर जोर देते हुए कहा कि विकसित राष्ट्र की कल्पना आप अच्छी किताबों के अध्ययन तथा उच्च विचार और सच्ची लगन से ही कर सकते हैं। अंत में मुख्य अतिथि महोदय एवं अध्यक्ष महोदय ने सभी स्वयंसेवकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन राष्ट्रीय सेवा योजना के सहायक कार्यक्रम अधिकारी श्याम सिंह मरावी ने किया।कार्यक्रम का सफल संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी दिलीप कुमार शर्मा द्वारा किया गया।यह बौद्धिक चर्चा की पाठशाला बहुत ही प्रेरणादायक रही।

What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

