तनुजा की मेहनत से फूलों-सा महक उठा जीवन, बिहान से मिली आत्मनिर्भरता
सूरजपुर// जिले के ग्राम पंचायत रविन्द्रनगर की निवासी तनुजा मंडल ने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित कर दिया है कि यदि महिलाओं को सही अवसर और सहयोग मिले तो वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति बदल सकती हैं। जागृति महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्य तनुजा मंडल ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन “बिहान” से जुड़कर अपने जीवन को नई दिशा दी है।
तनुजा मंडल ने बिहान के अंतर्गत सामुदायिक निवेश कोष से 30,000 रुपये तथा बैंक लिंकेज के माध्यम से 15,000 रुपये का ऋण प्राप्त किया। इस राशि का उपयोग करते हुए उन्होंने अपने खेत में फूलों एवं सब्जियों की खेती प्रारंभ की। मेहनत और लगन से की गई खेती का परिणाम यह हुआ कि उनकी फसल अच्छी हुई और उन्हें बाजार में फूल व सब्जियों की अच्छी मांग मिलने लगी।
तनुजा अपने खेत में उगाए गए फूलों और सब्जियों को स्थानीय बाजारों में बेचती हैं, जिससे उन्हें अच्छी आमदनी होने लगी है। वर्तमान में वे प्रति वर्ष लगभग 2 लाख से 2.50 लाख रुपये तक की आय अर्जित कर रही हैं। इससे न केवल उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है, बल्कि वे अपने परिवार की जरूरतों को भी बेहतर तरीके से पूरा कर पा रही हैं।
तनुजा मंडल का कहना है कि बिहान योजना से जुड़ने के बाद उनके जीवन में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता आई है। आज वे अपने गांव की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन चुकी हैं और कई महिलाएं उनसे प्रेरित होकर स्वयं सहायता समूह से जुड़कर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

