
सूरजपुर, 21 नवंबर 2025/ महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण विभाग की मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने आज आकांक्षा स्व सहायता समूह, दर्रीपारा (विकासखंड–भैयाथान) द्वारा पूरक पोषण आहार कार्यक्रम अंतर्गत स्थापित मीठा शक्ति आहार एवं नमकीन पौष्टिक दलिया निर्माण संयंत्र का विधिवत लोकार्पण किया।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पूरक पोषण आहार योजना के अंतर्गत सामग्री उत्पादन को पुनः महिला स्व सहायता समूहों के माध्यम से संचालित करने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में प्रथम चरण में चयनित 6 जिलों में सूरजपुर जिला भी शामिल है, जिसके अंतर्गत यह संयंत्र स्थापित किया गया है।
इस संयंत्र के माध्यम से एकीकृत बाल विकास परियोजना भैयाथान के 366 आंगनबाड़ी केंद्रों को पूरक पोषण आहार उपलब्ध कराया जाएगा। उत्पादन व्यवस्था महिला समूह के माध्यम से संचालित होने से न केवल पोषण कार्यक्रम को मजबूती मिलेगी, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को रोजगार, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण भी प्राप्त होगा।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने स्व सहायता समूह की अध्यक्ष श्रीमती चमेली देवी एवं समूह की सदस्याओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिला समूहों के माध्यम से पोषण आहार उत्पादन का निर्णय शासन की दूरदर्शी नीति है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाते हुए पोषण अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करना है।
लोकार्पण कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्री अखिलेश प्रताप सिंह, जनपद उपाध्यक्ष भैयाथान श्री राजीव प्रताप सिंह, श्री सुनील साहू, एसडीएम श्रीमती चांदनी कंवर, तहसीलदार श्री शिवनारायण राठिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री शुभम बंसल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी–कर्मचारी उपस्थित रहे।

What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

