सरगुजा जिले के रीरी पहाड़ में मिला लापता युवक का कंकाल, मौत बनी रहस्य

Sarguja

सरगुजा जिले के लुण्ड्रा थाना क्षेत्र में 13 दिन पहले लापता हुए युवक का कंकाल सोमवार को रीरी पहाड़ में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ग्राम कोइलारी निवासी 39 वर्षीय महेश कुजूर के रूप में हुई है। पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है।

थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह ने बताया कि महेश कुजूर 10 मई को घर से बिना बताए निकला था और वापस नहीं लौटा। परिजनों ने तीन दिनों तक उसे खोजने की कोशिश की, लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली, तो थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

सोमवार को ग्राम कोरंधा रीरी के ग्रामीणों ने पहाड़ में एक कंकाल पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की, वहीं मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों ने कपड़ों के आधार पर कंकाल की पहचान महेश कुजूर के रूप में की। शव पूरी तरह सड़-गल चुका था और केवल कंकाल शेष था।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि महेश अत्यधिक शराब का सेवन करता था और कभी-कभी मानसिक असंतुलन की स्थिति में घर छोड़कर कहीं भी चला जाता था। हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अब भी रहस्य बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *