स्वीकृति के साथ हितग्राहियों के खातों में प्रथम किस्त तत्काल अंतरित करने के निर्देश
सूरजपुर/21 नवंबर 2026/ प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास प्लस 2.0 के माध्यम से सूरजपुर जिले के 14,168 ग्रामीण परिवारों को पक्के आवास की सौगात मिलेगी। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले को प्राप्त नवीन लक्ष्य के अनुरूप पात्र हितग्राहियों के आवास स्वीकृति एवं राशि हस्तांतरण की प्रक्रिया तेजी से जारी है। इससे हजारों ग्रामीण परिवारों का पक्के घर का सपना साकार होगा।
भारत सरकार एवं राज्य शासन के निर्देशानुसार पात्र परिवारों के सर्वेक्षण से लेकर स्थायी प्रतीक्षा सूची तैयार करने की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। विकासखंडवार लक्ष्य के अनुसार भैयाथान में 1,931, ओड़गी में 1,815, प्रतापपुर में 3,280, प्रेमनगर में 1,700, रामानुजनगर में 2,746 तथा सूरजपुर में 2,696 आवास स्वीकृत किए जाएंगे।
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजेंद्र सिंह पाटले के मार्गदर्शन में नवीन लक्ष्य के अनुरूप आवास स्वीकृति एवं राशि हस्तांतरण की कार्यवाही की जा रही है। अब तक लगभग 1,500 से अधिक आवासों को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है तथा शेष पात्र हितग्राहियों के आवास स्वीकृति की प्रक्रिया निरंतर जारी है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि आवास स्वीकृति के साथ ही हितग्राहियों के बैंक खातों में प्रथम किस्त की राशि तत्काल अंतरित की जाए, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ हो सके।
ग्राम पंचायतवार प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित हुआ लक्ष्य
आवास प्लस 2.0 के अंतर्गत तैयार स्थायी प्रतीक्षा सूची के अनुसार ग्राम पंचायतवार हितग्राहियों की प्राथमिकता के आधार पर लक्ष्य भारत सरकार द्वारा पोर्टल के माध्यम से निर्धारित किया गया है। हितग्राहियों की सूची संबंधित जनपद पंचायतों के माध्यम से ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायकों को उपलब्ध करा दी गई है। ग्रामीणजन अपनी ग्राम पंचायत में सूची का अवलोकन कर सकते हैं।
आवास स्वीकृति से पूर्व पोर्टल पर प्रत्येक हितग्राही के अभिलेख एवं पात्रता से संबंधित पांच महत्वपूर्ण बिंदुओं का ऑनलाइन सत्यापन किया जा रहा है। इनमें जियोटैगिंग, जॉब कार्ड मैपिंग, आधार सीडिंग, ई-केवाईसी एवं एआई वैलिडेशन शामिल हैं। इसके साथ ही वीबी-जी राम जी के माध्यम से जॉब कार्ड में आवश्यक सुधार एवं नवीन जॉब कार्ड बनाने की प्रक्रिया भी जारी है, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
आवास स्वीकृति एवं किस्त के लिए किसी को राशि देने की आवश्यकता नहीं
जिला प्रशासन ने ग्रामीण हितग्राहियों से अपील की है कि आवास स्वीकृति अथवा किस्त की राशि प्राप्त करने के लिए किसी भी व्यक्ति को पैसे देने की आवश्यकता नहीं है। यदि कोई व्यक्ति आवास स्वीकृति दिलाने, सूची में नाम जुड़वाने अथवा किस्त जारी कराने के नाम पर राशि की मांग करता है, तो उसके झांसे में न आएं और तत्काल शिकायत करें। शिकायत के लिए जिला स्तरीय हेल्पलाइन नंबर 9244049285 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा संबंधित जनपद पंचायत अथवा जिला पंचायत में भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
आवास पूर्णता में सूरजपुर जिला प्रदेश में द्वितीय स्थान पर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के क्रियान्वयन में सूरजपुर जिला निरंतर बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। जिले में अब तक कुल 72,365 स्वीकृत आवासों के विरुद्ध 67,021 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। इस प्रकार आवास पूर्णता का प्रतिशत 92.62 है तथा शेष आवास निर्माणाधीन हैं। वित्तीय वर्ष 2024-26 की आवास पूर्णता उपलब्धि के आधार पर सूरजपुर जिले ने छत्तीसगढ़ में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

