आत्मानंद स्कूल के नाम पर 1.32 करोड़ का DMF घोटाला: तत्कालीन जनपद CEO समेत 9 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

Chattisgarh News Surajpur

अम्बिकापुर/ विशेष रिपोर्ट। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से बड़ा घोटाला सामने आया है। शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम महाविद्यालय, केशवपुर में जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) की राशि में 1 करोड़ 32 लाख रुपये के फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। न्यायालय के आदेश पर मणिपुर थाने में तत्कालीन जनपद पंचायत अम्बिकापुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) सहित कुल 9 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की गई है।

न्यायालय के आदेश पर हुई कार्रवाई
यह पूरा मामला अम्बिकापुर निवासी अभय नारायण पाण्डेय द्वारा अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में प्रस्तुत परिवाद के आधार पर सामने आया है। मामले की सुनवाई करते हुए न्यायाधीश गुलापन राम यादव ने 8 अक्टूबर 2026 को थाना प्रभारी मणिपुर को मामला दर्ज कर निष्पक्ष विवेचना का आदेश दिया था। निर्देश के अनुपालन में मणिपुर पुलिस ने 24 अक्टूबर 2026 को अपराध क्रमांक 180/2026 दर्ज किया है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 409, 420, 467, 468, 471, 201, 120-बी और धारा 34 के तहत मामला पंजीबद्ध किया है।

क्या है पूरा मामला?
जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) मद से केशवपुर स्थित आत्मानंद विद्यालय परिसर में तीन विकास कार्यों के लिए 1 करोड़ 32 लाख 33 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी।

  1. गार्डन का सौंदर्यीकरण एवं सीसी रोड निर्माण – 33.24 लाख
  2. प्रधान पाठक कक्ष, प्रसाधन एवं बाउंड्रीवॉल निर्माण – 49.57 लाख
  3. प्रवेश द्वार एवं पार्किंग शेड निर्माण – 49.52 लाख

फर्जी बिल और बिना कार्य भुगतान
आरोप है कि GeM पोर्टल पर फर्जी आईडी तैयार कर बिना प्रशासकीय स्वीकृति और बिना टेंडर प्रक्रिया के फर्जी बिल-वाउचर और कूटनीतिक मूल्यांकन प्रतिवेदन बनाए गए। इन्हीं फर्जी दस्तावेजों के आधार पर 1 अगस्त 2023 को मेसर्स स्मृति कंस्ट्रक्शन के पक्ष में 48 लाख 36 हजार 544 रुपये का भुगतान RTGS के माध्यम से कर दिया गया।

कलेक्टर की जांच में खुलासा
घोटाले की भनक लगने पर कलेक्टर द्वारा गठित विशेष जांच दल ने 7 अक्टूबर 2024 को मौके पर भौतिक सत्यापन किया। जांच में मौके पर स्वीकृत निर्माण कार्य का कोई अस्तित्व नहीं पाया गया। जांच रिपोर्ट में इसे सुनियोजित फर्जीवाड़ा करार दिया गया।

इन 9 लोगों के खिलाफ FIR

  1. सुरेश्वर नाथ तिवारी – तत्कालीन CEO, जनपद पंचायत अम्बिकापुर
  2. विवेक प्रताप सिंह राठौर
  3. उपेन्द्र सिंह सेंगर
  4. शैलेन्द्र मिश्रा
  5. राम प्रकाश यादव
  6. इम्तियाज सिंह
  7. सुयश अग्रवाल
  8. अरविंद कुमार अग्रवाल
  9. मेसर्स स्मृति कंस्ट्रक्शन कॉन्ट्रेक्टर एंड सप्लायर्स (फर्म)

पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत विवेचना शुरू कर दी है और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

What do you feel about this post?

50%
like

Like

50%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *