नकल शाखा एवं अभिलेखागार का बारीकी से अवलोकन
सूरजपुर/ प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ एवं अनुशासित बनाने तथा शासकीय कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने आज जिला संयुक्त कार्यालय के विभिन्न विभागों का आकस्मिक निरीक्षण किया। औचक निरीक्षण से कार्यालयीन कामकाज में सजगता का संदेश गया तथा अधिकारियों-कर्मचारियों को कार्यप्रणाली और बेहतर बनाने की दिशा में आवश्यक मार्गदर्शन मिला।
निरीक्षण की इस कड़ी में कलेक्टर ने नकल शाखा का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि राजस्व, खसरा एवं नक्शों से संबंधित दस्तावेजों की नकल प्रदान करने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, त्वरित और आमजन के लिए सुविधाजनक होनी चाहिए। उन्होंने निर्देशित किया कि आवेदकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर नकल अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए तथा आमजन की सुविधा की दृष्टि से नकल कक्ष के बाहर नकल संबंधी निर्धारित शुल्क व नियमों का बोर्ड लगाया जाए, ताकि लोगों को प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी मिल सके और किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कलेक्टर ने अभिलेखागार की व्यवस्था एवं दस्तावेजों के सुव्यवस्थित प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी महत्वपूर्ण दस्तावेजों को सुरक्षित तरीके से पंजीबद्ध किया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर अभिलेख सहजता से उपलब्ध हो सकें। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओआईसी व प्रभारी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से शाखा की मॉनिटरिंग करें तथा कार्यालय परिसर की साफ-सफाई दुरुस्त रखें।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्री रमेश मोर सहित अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

