समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

Chattisgarh News Surajpur

– खाद-बीज वितरण, धान उठाव, पीएम आवास, जल संरक्षण और सुशासन तिहार की प्रगति की हुई समीक्षा

– जिला मुख्यालय से बाहर के अधिकारी वर्चुअल रूप में रहे उपस्थित

सूरजपुर/ कलेक्टर श्रीमती रेना जमील की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों, जन शिकायतों तथा योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जन शिकायत, मुख्यमंत्री जन चौपाल, पीएमओ पोर्टल और कलेक्टर कार्यालय को प्राप्त शिकायतों व मांगों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने खरीफ सीजन को देखते हुए खाद-बीज की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। खाद-बीज वितरण की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही धान खरीदी के बाद शेष धान के उठाव की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि सभी उपार्जन केंद्रों से धान उठाव कार्य शीघ्र पूर्ण कर इसकी जानकारी प्रस्तुत की जाए।
कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग से सड़कों और मरम्मत कार्यों की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। जिले के जिन गांवों में मोबाइल नेटवर्क की सुविधा नहीं है, उसकी भी जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। बिजली विभाग को जनदर्शन में प्राप्त मांगों का शीघ्र निराकरण करने तथा क्रेडा विभाग को प्राथमिकता के आधार पर सोलर पंप उपलब्ध कराने को कहा गया।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान ब्लॉकवार एवं विषयवार विद्यार्थियों के परीक्षा परिणामों और प्रगति की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। वहीं वृद्धाश्रम में रह रहे वृद्धजनों को नियमित मेडिकल उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
सुशासन तिहार 2026 के तहत आयोजित समाधान शिविरों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि शिविरों में प्राप्त शिकायतों, मांगों और आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता वाला कार्यक्रम है और इसका उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।
बैठक में जल संरक्षण अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। आगामी बारिश को देखते हुए कलेक्टर ने सभी बांधों और पुलों की स्थिति की जांच करने के निर्देश दिए। जर्जर पुलों पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने और बारिश के दौरान संभावित जलजमाव या यातायात बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की समीक्षा करते हुए धीमी प्रगति वाले ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को आवास उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है, इसलिए नियमित मॉनिटरिंग कर लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूर्ण कराए जाएं।
बैठक में जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजेन्द्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर श्री जगन्नाथ वर्मा, साथ ही जिला मुख्यालय के बाहर के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी वर्चुअल रूप में उपस्थित रहे। साथ ही मुख्यालय के विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *