सूरजपुर। गुमशुदा व्यक्तियों की सुरक्षित वापसी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन तलाश’ के तहत सूरजपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। चौकी करंजी की पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद एक गुमशुदा महिला को गुजरात के सूरत शहर से बरामद कर सुरक्षित उनके परिजनों को सौंप दिया है।
फरवरी में लापता हुई थी महिला
मामला 6 फरवरी 2026 का है, जब चौकी करंजी क्षेत्र के एक ग्रामीण ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी पत्नी घर से बिना बताए कहीं चली गई है। प्रार्थी ने बताया कि वह काम पर गया था और जब रात को लौटा तो पत्नी घर पर नहीं थी। काफी खोजबीन और रिश्तेदारों के यहां पता करने के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तब पुलिस ने गुम इंसान का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की।
तकनीकी मदद और आधार से मिला सुराग
डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देशन में गुमशुदा लोगों की गंभीरता से पतासाजी के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में चौकी करंजी पुलिस को विवेचना के दौरान पता चला कि गुमशुदा महिला अपने साथ एक मोबाइल फोन और दस्तावेज लेकर गई है। पुलिस ने तकनीकी सेल की मदद ली और प्राप्त सूचनाओं के आधार पर महिला की लोकेशन सूरत, गुजरात में ट्रेस की गई।
सूरत पहुंची पुलिस टीम
लोकेशन की पुष्टि होते ही एसएसपी के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम को तत्काल गुजरात रवाना किया गया। सूरत में काफी खोजबीन और स्थानीय इनपुट्स के बाद पुलिस टीम ने महिला को सफलतापूर्वक दस्तयाब (बरामद) कर लिया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद महिला को वापस सूरजपुर लाया गया और उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
इनकी रही मुख्य भूमिका
संवेदनशीलता के साथ की गई इस पूरी कार्यवाही में चौकी प्रभारी करंजी संतोष सिंह, प्रधान आरक्षक हरविन्दर सिंह, आरक्षक रूपेश राय और महिला आरक्षक कमलावती सिदार की सक्रिय और महत्वपूर्ण भूमिका रही।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

