सूरजपुर/10 अप्रैल 2026/ भारत की डिजिटल जनगणना 2027 के सुचारू संचालन एवं निगरानी हेतु कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री एस. जयवर्धन के आदेश पर जिला सूरजपुर में जनगणना प्रकोष्ठ का गठन किया गया है। यह आदेश दिनांक 10 अप्रैल 2026 को जारी हुआ तथा तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
दो चरणों में होगी जनगणना
छत्तीसगढ़ शासन गृह विभाग के निर्देशों के अनुपालन में जनगणना 2027 का कार्य दो चरणों में संपादित किया जाएगा। प्रथम चरण में मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 01 मई 2026 से 30 मई 2026 तक किया जाएगा। द्वितीय चरण में मानव गणना मार्च 2027 में संपन्न होगी।
26 अधिकारी प्रकोष्ठ में शामिल
कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन को प्रकोष्ठ का अध्यक्ष नामित किया गया है। प्रकोष्ठ में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत कुमार ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी श्री पुष्पेन्द्र शर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री विजेन्द्र कुमार पाटले, अपर कलेक्टर श्री जगन्नाथ वर्मा तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी सदस्य के रूप में सम्मिलित हैं। प्रकोष्ठ में कुल 26 वरिष्ठ अधिकारियों को शामिल किया गया है, जो जनगणना कार्य की जिले में प्रभावी निगरानी एवं समन्वय सुनिश्चित करेंगे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

