कलेक्टर ने ली महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक

Chattisgarh News Surajpur

सूरजपुर/08 अप्रैल 2026/  कलेक्टर एस. जयवर्धन ने आज महिला एवं बाल विकास विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। इस बैठक के दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों एवं महिलाओं को उपलब्ध कराए जा रहे पोषण आहार की स्थिति की विस्तृत जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए महिला एवं बाल कल्याण कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली।
  कलेक्टर ने रेडी-टू-ईट प्रदाय योजना की प्रगति, पोषण ट्रैकर ऐप में दर्ज की जा रही एंट्री की जानकारी ली। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों के समय पर खुलने-बंद होने एवं सेवा प्रदाय की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके अलावा ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस पर किशोरी बालिकाओं की उपस्थिति की जानकारी ली।
  बैठक में प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना एवं महतारी वंदन योजना अंतर्गत ई-केवाईसी की प्रगति की जानकारी ली गई। साथ ही एकीकृत बाल संरक्षण योजना के तहत बाल विवाह प्रकरणों की स्थिति पर चर्चा करते हुए रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
  कलेक्टर ने शासकीय शिक्षा संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध की स्थिति की समीक्षा की तथा विद्यार्थियों में नशा सेवन के दुष्प्रभाव के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। आंगनबाड़ी कर्मचारियों की नियुक्ति, हमर स्वस्थ लइका योजना एवं मुख्यमंत्री बाल संदर्भ योजना की प्रगति का भी आकलन किया गया।
  उन्होंने आंगनबाड़ी भवनों की स्थिति एवं आंगनबाड़ीयों में सेवा प्रदाय को लेकर फील्ड में जाकर नियमित निरीक्षण करने के निर्देश महिला एवं बाल विकास अधिकारियों को दिए। साथ ही सीडीपीओ एवं सुपरवाइजर को निरीक्षण में लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में 3 से 6 वर्ष के बच्चों को गर्म भोजन उपलब्ध कराने एवं गर्भवती व शिशुवती महिलाओं को रेडी-टू-ईट सामग्री का नियमित वितरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
  बैठक में जिले में संचालित रेडी-टू-ईट प्लांट के संचालक महिला समूहों से उत्पादन, गुणवत्ता, मात्रा, साफ-सफाई एवं आपूर्ति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने हितग्राहियों को मिलने वाले रेडी-टू-ईट पैकेट की गुणवत्ता बनाए रखने के लिया सभी आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *