
-कुदरगढ़ महोत्सव की तैयारियों को लेकर की गई चर्चा
-समय सीमा की बैठक सम्पन्न
सूरजपुर// कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजेन्द्र सिंह पाटले की अध्यक्षता में समय-सीमा की बैठक आहुत की गई, जिसमें जिले की विभिन्न प्राथमिकताओं पर गहन चर्चा एवं समीक्षा की गई।
बैठक में 17 मार्च से 21 अप्रैल तक संचालित होने वाले शिशु संरक्षण माह अभियान के क्रियान्वयन को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की गई। सीईओ श्री पाटले ने स्वास्थ्य विभाग को अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु माइक्रो स्तर पर कैलेंडर आधारित कार्य-योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिये। यह अभियान 06 माह से 05 वर्ष तक के बच्चों पर केंद्रित है, जिसके तहत विटामिन-ए सिरप, आयरन सिरप वितरण, टीकाकरण, पोषण जांच तथा स्वास्थ्य शिक्षा जैसी महत्वपूर्ण गतिविधियां संचालित की जाएंगी। टीकाकरण से छूटे हुए बच्चों को बी.सी.जी., हेपेटाइटिस बी, डी.पी.टी., ओ.पी.वी., मीजल्स-रूबेला तथा पेंटावेलेंट के टीके लगाए जाएंगे।
बैठक में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर 23 से 25 मार्च तक आयोजित होने वाले कुदरगढ़ महोत्सव के सफल संपादन को लेकर भी गहन समीक्षा की गई। महोत्सव की तैयारियों और व्यवस्थाओं में लगे विभिन्न विभागों के अधिकारियों से उनके निर्धारित दायित्वों की अद्यतन जानकारी ली गई।
इसके साथ ही जिले के विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। सीईओ श्री पाटले ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर उनका उचित एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा जनहित के मामलों का त्वरित निपटारा करते हुए आम नागरिकों को समय पर लाभ पहुँचाया जाए।
बैठक में डीएफओ श्री डी.पी. साहू, अपर कलेक्टर श्री जगन्नाथ वर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्री पुष्पेंद्र शर्मा, सर्व एसडीएम एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

