
माँ और शिक्षक मिलकर बनाएंगे बच्चों का उज्जवल भविष्य — स्मार्ट माताओं का एक दिवसीय उन्मुखीकरण संपन्न
सूरजपुर, 14 मार्च 2026। कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन एवं जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजेंद्र सिंह पाटले के मार्गदर्शन में विकासखंड स्तरीय “अंगना मां शिक्षा कार्यक्रम” के अंतर्गत संकुल नोडल एवं स्मार्ट माताओं का एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम मंगल भवन, रामानुजनगर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्री अजय कुमार मिश्रा एवं जिला मिशन समन्वयक श्री मनोज कुमार साहू की विशेष उपस्थिति रही। विकासखंड शिक्षा अधिकारी रामानुजनगर श्री डी.एस. लकड़ा ने स्वागत उद्बोधन से कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
माँ और शिक्षक की संयुक्त भूमिका पर बल
जिला शिक्षा अधिकारी श्री अजय मिश्रा ने स्मार्ट माताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा में माताओं और शिक्षकों की भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण है। उन्होंने आह्वान किया कि दोनों मिलकर छात्रों को विद्यालय से निरंतर जोड़े रखें और घर में उनके विद्यालयीन अध्यापन की नियमित निगरानी करें।
बुनियादी शिक्षा में माँ की भूमिका सुनिश्चित करना है लक्ष्य
जिला मिशन समन्वयक श्री मनोज कुमार साहू ने कार्यक्रम के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए बताया कि “अंगना मां शिक्षा” कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य प्राइमरी एवं प्री-प्राइमरी कक्षाओं के छात्रों को गणित एवं भाषा की बुनियादी समझ दिलाने में माताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि माता बच्चे की प्रथम गुरु होती है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से माताओं को यह सिखाया जाएगा कि बच्चा घर में भी अपना अध्यापन निरंतर जारी रखे और विद्यालय में उसकी प्रतिदिन की उपस्थिति सुनिश्चित हो।
विद्वान व्याख्याता श्री हरेकृष्ण उपाध्याय ने कहा कि स्मार्ट माताओं के सहयोग से छोटे बच्चों की बेहतर और प्रभावशाली स्कूलिंग सुनिश्चित की जा सकती है।
गतिविधियों में उत्साह के साथ हुई सहभागिता
कार्यक्रम में स्मार्ट माताओं ने तीली बंडल बनाओ, कुर्सी दौड़ एवं गुब्बारा गतिविधि में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन रोचक शैक्षिक गतिविधियों ने माताओं को बच्चों के सीखने की प्रक्रिया से व्यावहारिक रूप से जोड़ा।
कार्यक्रम का कुशल संचालन संकुल समन्वयक श्री विनय चौरसिया ने किया तथा आभार प्रदर्शन बीआरसीसी श्री मनोज जायसवाल ने किया।
इस अवसर पर पत्रकार श्री ऋषि दुबे, बीपीओ साक्षर भारत श्री रविनाथ तिवारी, संकुल समन्वयक श्री उत्तम सिंह भैना, श्री मनोज प्रजापति, श्री जयप्रकाश बरेठा, बीआरपी सुश्री नीलम पटेल, डेटा एंट्री ऑपरेटर श्री बृजलाल साहू, मास्टर ट्रेनर्स सुश्री नीलम दास, सुश्री गीता ठाकुर, सुश्री अनुराधा साहू, सुश्री प्रियंका सिंह, सुश्री अंजू गुप्ता सहित श्री सूरज, श्री मुकेश, श्री मनोज राजवाड़े एवं बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षिकाएं तथा माताएं उपस्थित रहीं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

