
-राशन वितरण व्यवस्था की एसडीएम प्रतापपुर ने की समीक्षा
-ई केवाईसी और डीडी राशि जमा करने के दिए सख्त निर्देश
सूरजपुर / एसडीएम प्रतापपुर श्रीमती ललिता भगत की अध्यक्षता एवं खाद्य निरीक्षक श्री शशि कुमार जायसवाल की उपस्थिति में जनपद पंचायत सभाकक्ष प्रतापपुर में शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालकों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में खाद्यान्न वितरण, भंडारण, eKYC, डीडी राशि जमा, टीसी प्राप्ति, पंजी संधारण एवं मूलभूत जानकारी प्रदर्शन सहित समस्त महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
20 मार्च तक पूर्ण करें eKYC
बैठक में दुकान संचालकों को निर्देशित किया गया कि सभी हितग्राहियों का eKYC 20 मार्च तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। साथ ही मृत, विवाहित, अन्यत्र निवासरत एवं मुखिया संशोधन से संबंधित प्रकरणों की सूची तथा eKYC में आ रही तकनीकी समस्याओं का विवरण भी समस्त दुकान संचालकों द्वारा जमा करने के निर्देश दिए गए, जिससे हितग्राही सूची को अद्यतन एवं त्रुटिमुक्त किया जा सके।
डीडी राशि जमा करने की समय-सीमा तय
फरवरी माह की लंबित डीडी राशि 15 मार्च तक जमा कराने के सख्त निर्देश दिए गए। इसके साथ ही भविष्य में नियमितता बनाए रखने के लिए यह भी स्पष्ट किया गया कि प्रत्येक माह की डीडी राशि आगामी माह की 5 तारीख तक अनिवार्य रूप से जमा की जाए।
तीन माह के एकमुश्त भंडारण की तैयारी
बैठक में दुकान संचालकों को आगामी माह में 3 माह का राशन भंडारण सुनिश्चित करने तथा हितग्राहियों को निर्बाध खाद्यान्न वितरण की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी परिस्थिति में वितरण प्रक्रिया बाधित न हो।
बैठक में जनपद पंचायत प्रतापपुर क्षेत्र के समस्त शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालक उपस्थित रहे।

