
सूरजपुर/23 दिंसबर 2025/ आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत भारत सरकार, नीति आयोग द्वारा नामांकित सेंट्रल प्रभारी श्री मनीष मुखर्जी अधिकारी द्वारा सूरजपुर जिले के आकांक्षी ब्लॉक प्रतापपुर के दूरस्थ एवं पिछड़े क्षेत्रों का दो दिवसीय विस्तृत सर्वेक्षण एवं निरीक्षण किया गया। इस सर्वेक्षण के दौरान ब्लॉक के विकसित एवं अविकसित क्षेत्रों की भौतिक, सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति का समग्र आकलन किया गया।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि विकसित क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का संतोषजनक एवं प्रभावी क्रियान्वयन हो रहा है। वहीं, अविकसित एवं दूरस्थ क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की कमी, स्वास्थ्य सेवाओं तक सीमित पहुँच तथा आजीविका के अवसरों का अभाव जैसी समस्याएँ सामने आई उन समस्याओं को समय पर सुधारने की निर्देश दी। सर्वेक्षण एवं निरीक्षण के उपरांत ब्लॉक के समग्र विकास को गति प्रदान करने हेतु अवसंरचना सुदृढ़ीकरण, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सेवाओं में सुधार, कौशल विकास, रोजगार सृजन तथा योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान की गईं। इस अवसर पर प्रभारी अधिकारी द्वारा ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत सभी विभागों के संकेतकों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके त्वरित समाधान हेतु प्रभावी उपायों पर विशेष बल दिया गया। विशेष रूप से अविकसित क्षेत्रों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली पीडीएस भवन बनवाने, मृदा परीक्षण कार्ड के वितरण, गर्भवती महिलाओं को प्रदान किए जाने वाले रेडी-टू-ईट आहार की पोषण ट्रैकर में शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित करने तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में स्वच्छ पेयजल एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं में प्रगति लाने हेतु संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए।
बैठक में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, शिक्षा विभाग से विकासखंड शिक्षा अधिकारी, कृषि विभाग से वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग से खंड चिकित्सा अधिकारी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से, पशु चिकित्सा अधिकारी, जिले से सहायक सांख्यिकी अधिकारी तथा आकांक्षी ब्लॉक फेलो उपस्थित रहे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

