(VOC.24 NEWS)
संभाग के उपायुक्त श्री आर. के. खोटे द्वारा विगत दिवस जनपद पंचायत ओड़गी के समस्त कार्यालयों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यालयों के दस्तावेजों का अवलोकन भी किया तथा कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
निरीक्षण के पश्चात जनपद पंचायत के सभा कक्ष में सचिवों, रोजगार सहायकों एवं तकनीकी सहायकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्री खोटे ने ग्राम पंचायत भवनों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पंचायत सचिवों की समय पर एवं नियमित उपस्थिति को अनिवार्य बताया।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में पंजी संधारण एवं आर.टी.आई. से संबंधित जानकारी समय-सीमा के भीतर उपलब्ध कराई जानी चाहिए। सामुदायिक शौचालयों के नियमित उपयोग के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर प्रभावी नियमन लागू करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अतिरिक्त एस.एल.आर.एम. केंद्र में कचरा संग्रहण की व्यवस्था सुदृढ़ करने और नियमित कर वसूली की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए भी उपायुक्त ने निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्री खोटे ने कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने की सलाह दी और योजनाओं के सुचारु क्रियान्वयन में कोई कोताही न बरतने का संदेश दिया।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

