सूरजपुर/05 जून 2026/ जिला मुख्यालय, कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देशन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी के मार्गदर्शन में कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना पर एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, पात्र हितग्राहियों के शत-प्रतिशत पंजीयन तथा समयबद्ध लाभ वितरण पर विशेष जोर दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान राज्य स्तर से प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स ने योजना की बारीकियों से प्रतिभागियों को अवगत कराया। मास्टर ट्रेनर सुश्री आविधा उईके, श्रीमती रामेश्वरी सिंह (सेक्टर पर्यवेक्षक) एवं जिला मिशन समन्वयक श्रीमती शारदा सिंह ने योजना के विभिन्न प्रावधानों, पात्रता मानदंडों और ऑनलाइन संचालन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण में पहली बार गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता, हितग्राही पंजीयन के लिए आवश्यक दस्तावेज, पोर्टल पर ऑनलाइन एंट्री, समयबद्ध भुगतान प्रक्रिया तथा फील्ड स्तर पर आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिकारियों ने सभी सुपरवाइजर, ऑपरेटर एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि जिले का कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित न रहे। शत-प्रतिशत पंजीयन को प्राथमिक लक्ष्य बताते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूर्ण जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने पर बल दिया गया।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को योजना का अधिकतम लाभ दिलाना तथा शासन के निर्देशानुसार गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करना रहा। इस दौरान फील्ड अमले को लाभार्थियों से सीधे संवाद स्थापित कर उन्हें योजना से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में जिले के सभी सेक्टर पर्यवेक्षक, ऑपरेटर एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की व्यापक भागीदारी रही। सभी प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना को जमीनी स्तर पर सफल बनाने तथा पात्र हितग्राहियों तक योजना का लाभ पहुंचाने का संकल्प लिया।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

