जिले में पिछले 16 सप्ताह से निरंतर चल रहा मुख्य नहर सफाई अभियान अब जनआंदोलन का रूप लेता जा रहा है। इसी कड़ी में 27 मार्च को नहरिया बाबा मार्ग स्थित मुख्य नहर में एक मेगा क्लीनअप ड्राइव का सफल आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता देखने को मिली।
यह अभियान पूर्व में लिए गए उस संकल्प का परिणाम है, जिसमें युवाओं ने नहर की सफाई एवं संरक्षण को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का निर्णय लिया था। कार्यक्रम में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, नगर पालिका, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं तथा “युवा जांजगीर” के सदस्य उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
अभियान का उद्देश्य केवल नहर से कचरा हटाना नहीं, बल्कि आम नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों का संरक्षण सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
भविष्य को ध्यान में रखते हुए नहर के किनारों को तितली उद्यान, औषधीय एवं फल उद्यान तथा कैनाल-व्यू पार्क के रूप में विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। साथ ही पौधारोपण, ट्री गार्ड स्थापना और अन्य सौंदर्यीकरण कार्यों पर भी विचार किया जा रहा है।
अभियान के अंत में यह संदेश दिया गया कि यदि सभी नागरिक एकजुट होकर प्रयास करें, तो जांजगीर की नहर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाना संभव है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

