
सूरजपुर// विश्व रेडियो दिवस के अवसर पर माध्यमिक शाला पतरापाली में विशेष जागरूकता एवं शैक्षणिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को रेडियो के महत्व, इतिहास और उपयोगिता से परिचित कराना तथा आधुनिक युग में उसकी घटती लोकप्रियता के बावजूद उसके महत्व को समझाना था।
इस कार्यक्रम में शिक्षक योगेश साहू ने विद्यार्थियों को रेडियो के आविष्कारक गुग्लिएल्मो मार्काेनी को माना जाता है। भारत में रेडियो प्रसारण की शुरुआत, तथा सूचना प्रसारण के क्षेत्र में इसकी ऐतिहासिक भूमिका के बारे में विस्तार से बताया गया।
उन्होंने कहा कि रेडियो एक ऐसा माध्यम है जो सीमित संसाधनों वाले क्षेत्रों में भी शिक्षा, समाचार और मनोरंजन का सशक्त साधन रहा है और आज भी आपातकालीन परिस्थितियों में इसकी उपयोगिता बनी हुई है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित 67 विद्यार्थियों में से 13 विद्यार्थियों ने बताया कि उन्होंने आज तक वास्तविक रेडियो नहीं देखा है। इस पर शिक्षक ने विद्यार्थियों की जिज्ञासा को देखते हुए घोषणा की कि आगामी सोमवार को विद्यालय में रेडियो लाकर सभी बच्चों को उसका प्रत्यक्ष अनुभव कराया जाएगा और रेडियो प्रसारण सुनाया जाएगा।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और रेडियो से संबंधित प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासा प्रकट की। कार्यक्रम ने बच्चों में पारंपरिक संचार माध्यमों के प्रति नई रुचि और जागरूकता उत्पन्न की। कार्यक्रम में प्रधानपाठक के.के. यादव, महेंद्र पटेल, योगेश साहू, रघुनाथ जायसवाल, सरिता सिंह सहित सभी छात्र छात्रायें उपस्थित रहे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

