बलरामपुर, 14 जून 2025। मोटर व्हीकल एक्ट की आड़ में अवैध वसूली की शिकायतों पर बलरामपुर-रामानुजगंज के पुलिस अधीक्षक ने कड़ा एक्शन लेते हुए राजपुर थाने के 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित पुलिसकर्मियों को रक्षित केंद्र, बलरामपुर भेजा गया है। इस कार्रवाई ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है, और पुलिस अधीक्षक ने साफ संदेश दिया है कि भ्रष्टाचार और अनैतिक कृत्यों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उक्ताशय पर प्राप्त जानकारी अनुसार 12 जून 2025 को राजपुर थाना क्षेत्र के मेन रोड पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चल रही जांच के दौरान राजपुर थाने के पुलिसकर्मियों पर वाहन चालकों से अवैध वसूली का गंभीर आरोप लगा। शिकायतों के बाद पुलिस अधीक्षक ने तुरंत जांच शुरू की और प्रथमदृष्ट्या दोषी पाए गए 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। कुलमिलाकर यह कार्रवाई न केवल पुलिस विभाग में सुधार की दिशा में एक बड़ा कदम है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि बलरामपुर पुलिस भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर चल रही है। इस कदम से जिले में कानून व्यवस्था और पुलिस की जवाबदेही को और मजबूत करने की उम्मीद जताई जा रही है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

